
सुभाष शिरढोनकर
टाइगर श्रॉफ ने ‘हीरोपंती’ से अपने करियर की दमदार शुरूआत की थी। यह फिल्म हिट रही और उसमें टाइगर के एक्शन सीन्स और डांसिंग की काफी तारीफ हुई थी। टाइगर श्रॉफ और कीर्ति सेनन की जोड़ी ने सिल्वर स्क्रीन पर जादू सा जगा दिया था। फिल्म में टाइगर के अपोजिट कीर्ति को लेने का आयडिया भूषण कुमार और फिल्म के कोरियोग्राफर अहमद खान का था।
बॉलीवुड में दो साल पूरे कर चुके टाइगर श्रॉफ की रफ्तार इस मामले में धीमी कही जा सकती है कि इन दो सालों में ‘हीरोपंती’ के अलावा उनकी कोई दूसरी फिल्म नहीं आ सकी है। धमाकेदार एंट्री के बाद टाइगर श्रॉफ ने करियर की बेहतरी के लिए दो साल का ब्रेक लिया।
29 अप्रैल को विद्रोही प्रेम कथा पर आधारित उनकी ‘बागी’ रिलीज हुई है। सब्बीर खान द्वारा निर्देशित इस फिल्म में पहली बार टाइगर और श्रद्धा कपूर की जोड़ी के दमदार एक्शन सीन किए जो दर्शकों को काफी पसंद आ रहे हैं।
भारत में पहले वीकेंड में फिल्म ने 4० करोड़ और भारत के बाहर 22 करोड़ की कमाई की। पहले वीकेंड में अक्षय कुमार की ‘एयरलिफ्ट’ और शाहरूख की ‘फैन’ के बाद यह साल की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म साबित हुई। पहले हफ्ते में फिल्म ने भारत में 55 करोड़ और भारत के बाहर 85 करोड़ का कारोबार किया।
प्रिंट व प्रचार के खर्च जोडऩे के बाद 36 करोड़ की लागत वाली इस फिल्म का भारत में लाइफ टाइम कारोबार 7० करोड़ से ज्यादा का माना जा रहा है। इस तरह टाइगर श्रॉफ की दूसरी फिल्म भी हिट रही।
‘हीरोपंती’ के बाद ‘बागी’ में काम करते हुए टाइगर श्रॉफ काफी निखर गए हैं। एक्शन में तो वह बाजी मार ले जाते हैं। मार्शल आर्ट्स में उनके द्वारा की गई मेहनत और उनकी संवाद अदायगी में जो सुधार हुआ है वह पर्दे पर साफ झलकता है। टाइगर श्रॉफ को जितनी लोकप्रियता ‘हीरोपंती’ से मिली, उससे कहीं ज्यादा लोकप्रियता ‘बागी’ से मिल रही है।
निर्देशक रेमो डिसूजा द्वारा निर्देशित ‘द फ्लाइंग जट’ में टाइगर श्रॉफ सुपर हीरो का किरदार निभा रहे हैं। इसमें उनके अपोजिट जैकलीन फर्नांडिस हैं। ‘एबीसीडी 2’ हिट होने के बाद ‘द फ्लाइंग जट’ को रेमो डिसूजा के लिए बड़ा इम्तिहान माना जा रहा है।
पिछली कामयाबी ने रेमो डिसूजा और टाइगर श्रॉफ दोनों को जोश से भर दिया है। ‘द फ्लाइंग जट’ को हॉलीवुड की कामयाब फिल्मों ‘स्पाइडरमैन’, ‘सुपरमैन’ और ‘द अवेंजर्स’ के स्तर तक ले जाने की कोशिशें की जा रही हैं। इसमें टाइगर जमकर मेहनत कर रहे हैं। फिल्म में वे हॉलीवुड की टक्कर का एक्शन करते नजर आयेंगे।
टाइगर श्रॉफ जिस तरह की फिल्में कर रहे हैं, उनमें एक्शन की काफी गुंजाइश है। एक्शन में वह जंचते भी खूब हैं। हालांकि उनकी अभिनय क्षमता के बारे में अभी कुछ ज्यादा नहीं कहा जा सकता लेकिन डांसिंग में आज उनके मुकाबले में कोई दूसरा नहीं है। वह गजब का डांस करते हैं। यहां प्रस्तुत हैं टाइगर श्रॉफ के साथ की गई बातचीत के महत्त्वपूर्ण अंश:
‘हीरोपंती’ के बाद आपकी दूसरी फिल्म ‘बागी’ भी एक्शन फिल्म है। ‘द फ्लाइंग जट’ भी एक्शन फिल्म है। क्या सिर्फ एक्शन फिल्में करते हुए टाइप कास्ट होने का डर नहीं लगता?
‘हीरोपंती’ एक्शन फिल्म नहीं बल्कि फैमिली ड्रामा थी लेकिन ऑडियंस को इसके एक्शन सीक्वेंस काफी पसंद आये थे। ‘बागी’ में भी एक्शन और इमोशन का बैलेंस है। ‘द फ्लाइंग जट’ में आप मुझे पहली बार कॉमेडी करते हुए देखेंगे। यदि लोग मुझे एक्शन हीरो के रूप में नोटिस कर रहे हैं तो इसमें डर कैसा बल्कि मैं तो बहुत खुश हूं कि मुझे एक पहचान मिल रही है।
आगे चलकर रोमांटिक या एक्शन किस तरह की इमेज बनाना पसंद करेंगे?
मेरी कोशिश तो यही रहेगी कि खुद को किसी खास तरह की इमेज में कैद न होने दूं और हर तरह की फिल्में करूं। मैं चाहता हूं कि मेरी इमेज एक ऐसे रोमांटिक हीरो की बने जो एक्शन भी खूब करता हो। इमोशनल सीन्स के लिए अभी मैं उस तरह के एक्सप्रेशन नहीं दे पा रहा हूं जैसे देने चाहिए। मुझे लगता है कि इसके लिए अभी मुझे खूब स्ट्रगल करना पड़ेगा।
एक्शन में आपको यहां सबसे ज्यादा परफेक्ट कौन लगता है ?
अक्षय कुमार, रितिक रोशन हैं। और भी ढेर सारे एक्टर हैं जिन्होंने अपने जानदार एक्शन के दम पर ऑडियंस का दिल जीता है। कंपटीशन काफी कड़ा है।
’बागी’ की रिलीज के पहले आपके गेटअप को काफी सीक्रेट बनाकर रखा गया था ?
दरअसल इसमें मेरे बहुत सारे गेटअप थे। साजिद चाहते हैं कि फिल्म रिलीज से पहले वे किसी तरह से रिवील न हों। इसलिए उनकी हिदायत पर विशेष सतर्कता बरती गई थी।
‘बागी’ में कीर्ति सेनन को ड्रॉप क्यों किया गया। इसकी कोई खास वजह ?
‘बागी’ के लिए सबसे पहले कीर्ति का ही नाम आया था लेकिन वह उस वक्त ‘दिलवाले’ की शूटिंग में बिजी थीं और उनके पास डेट्स नहीं थी। उनकी जगह श्रद्धा कपूर ने ले ली।
‘बागी’ में श्रद्धा ने जबर्दस्त एक्शन किया। यदि वह किरदार कीर्ति ने निभाया होता तो क्या वह उतना शानदार एक्शन कर पातीं ?
श्रद्धा ने काफी अच्छे से अपना काम किया जिसके लिए उन्होंने एक लंबा ट्रेनिंग सेशन किया था और मुझे लगता है कि कीर्ति या कोई और विधिवत ट्रेनिंग के बाद अपने काम को आसानी के साथ अंजाम दे सकता है।
‘हीरोपंती’ के टाइगर श्रॉफ और ‘बागी’ के टाइगर में क्या फर्क महसूस करते हैं ?
जब मैं ‘हीरोपंती’ कर रहा था, बिल्कुल नया था। कैमरे की डिमांड, एक्टिंग, एक्सप्रेशन के बारे में मुझे ज्यादा जानकारी नहीं थी लेकिन ‘बागी’ के दौरान मैं इस मामले में थोड़ा इन्वाल्व्ड हुआ हूं। एक्टिंग के बारे में भी मेरी समझ पहले के मुकाबले बढ़ी है।
‘हीरोपंती’ के मुकाबले ‘बागी’ का किरदार आपके लिए कितना टफ था ?
टफ तो नहीं लेकिन ज्यादा मैच्योर अवश्य था। यह केरेक्टर न सिर्फ बड़ा था बल्कि इसमें डेप्थ भी ज्यादा थी। इस के दो शेड्स थे। इसमें हमने एक्शन को लेकर काफी नये एक्सपेरिमेंट भी किए जो ऑडियंस ने खूब पसंद किए हैं।
‘हीरोपंती’ के बाद जब आपके पास ढेर सारे ऑफर्स आ रहे थे, आपने सभी ठुकरा दिये और सिर्फ ‘बागी’ साइन की। आपको ऐसा नहीं लगा कि आपकी जरा सी चूक आपको इंडस्ट्री से बाहर कर सकती है ?
‘हीरोपंती’ के हिट होने के बाद मुझ पर बेहतर करने की जिम्मेदारी थी, इसलिए मैं अच्छी फिल्म में काम करना चाहता था। मुझे अपनी दूसरी फिल्म में काम करने की कोई जल्दबाजी नहीं थी क्योंकि मैं सिर्फ बेस्ट फिल्म में ही काम करना चाहता था।
लगातार दो फिल्में हिट होने के बाद आपकी जबर्दस्त फैन फॉलोइंग बन चुकी है। इसके बावजूद आप असल जिंदगी में काफी सीधे साधे नजर आते हैं?
मैंने यह सब अपने डैडी से सीखा है। डैडी एक आम इंसान से बहुत बड़े स्टार बने, इसके बावजूद उन्होंने अपनी ओरिजनेलिटी को कभी खोने नहीं दिया। इस मामले में मैं अपने डैडी से पूरी तरह इंस्पायर हूं और मेरी कोशिश यही रहेगी कि अपनी सक्सेस को कभी अपने सिर पर चढऩे नहीं दूंगा।


