
मुंबई प्रदेश युवा कांग्रेस के संगठनीय चुनाव के उत्तर पश्चिम जिले के चुनावी नतीजे सोमवार १० जुलाई को घोषित हुए। जिसमें जिला अध्यक्ष के पद के लिए चुनाव लड़नेवाले सुफियान मोहसिन हैदर को सबसे ज्यादा ९१७ वोट मिले। अन्य प्रत्याशियों में भरत सोलंकी को ७२०, राय सरोज को ५६५, आशीष सिंह को ४५८ व अमित सकपाल को ३५८ मत प्राप्त हुए। चूँकि यह अध्यक्ष पद एसी कोटे के लिए आरक्षित था, इसलिए भरत सोलंकी अगले युवा जिल्हाध्यक्ष बनाये जायेंगे।
तालुका स्तरीय चुनाव में दिंडोशी विधानसभा से संदीप सिंह, गोरेगाँव (पश्चिम ) से मनोज यादव तालुकाध्यक्ष पद के लिए चुने गए। महानगरपालिका चुनाव में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके नितिन सावंत को उपाध्यक्ष पद पर संतोष करना पड़ा। यहाँ पर दीपक कांबली ने अध्यक्षीय दौड़ में बाजी मारी। वर्सोवा तालुका में नीलेश दुबे को विजेता घोषित किया गया।
युवाओं के इस चुनाव में अंधेरी पूर्व विधानसभा चुनाव परिणाम पर सबकी नजरें गड़ी हुई थी। पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व नगरसेवक के साथ-साथ वर्तमान नगरसेवक के नाम का सहारा लेकर हर प्रत्यासी अपने-अपने चुनावी गणित में लगे हुए थे। आखिरकार राजीव शेट्टी ४११ मतों के साथ प्रथम स्थान पर रहें। वहीं दूसरी तरफ जय यादव को उपाध्यक्ष और एडम पॉल को महासचिव के पद से संतुष्टि करनी पड़ी। प्रत्याशियों के आपसी विवाद के कारण अंधेरी वेस्ट विधानसभा के वोटों की गिनती तिलक भवन में करने का निर्णय लिया गया।
चुनाव नतीजों पर सुफियान हैदर ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक प्रतिस्पर्धा थी, जिसमें हर एक युवा प्रत्यासी और मतदाता की जीत हुई है। संगठन के सभी पदों की नियुक्ति हो जाने के उपरांत युवा कार्यकर्ता एकसाथ मिलकर पार्टी के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
नवनिर्वाचित तालुकाध्यक्ष राजीव शेट्टी ने अंधेरी के युवाओं में जोश और उमंग भरकर संगठित और सक्रिय करना सबसे पहला लक्ष्य बताया।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व सांसद गुरुदास कामत ने फेसबुक के माध्यम से सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों, व प्रतिस्पर्धियों को उनकी उपलब्धि के लिए शुभकामना दी। साथ ही में सब को एकजुट होकर जनहित कार्यों द्वारा संगठन को मजबूत करने को कहा।


